Location: कांडी
कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को 9वीं बटालियन एनडीआरएफ की टीम द्वारा लाइफ सेविंग स्किल से संबंधित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सही प्रतिक्रिया देकर मानव जीवन की रक्षा करना था।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ टीम ने सड़क दुर्घटना के बाद पीड़ित को सुरक्षित ढंग से प्राथमिक उपचार देने की जानकारी दी। साथ ही हार्ट अटैक की स्थिति में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देने की विधि को व्यावहारिक रूप से समझाया गया, ताकि लोग जीवन रक्षक तकनीकों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
एनडीआरएफ के अधिकारी कवि राज शर्मा ने बज्रपात के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी सावधानी से जान-माल की क्षति को रोका जा सकता है।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राकेश सहाय, प्रधान लिपिक अनूप कुमार, अजित कुमार, अंचल लिपिक बीरेंद्र मांझी, देवेंद्र कुमार, सभी पंचायतों के मुखिया व उनके प्रतिनिधि, मनरेगा कर्मी, पंचायत सचिव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।











