Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि)। कांडी प्रखंड के सननी गांव स्थित नव प्राथमिक विद्यालय परिसर में गुरुवार को स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 14 महिला, पुरुष एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत जरूरतमंद मरीजों के बीच निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में ‘रोज’ संस्था के सपोर्ट पर्सन अमरेंद्र कुमार उपाध्याय ने महिलाओं, पुरुषों एवं विद्यालय के बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, संतुलित आहार लेने और साफ-सफाई अपनाने की सलाह दी। वहीं संजीवनी क्लिनिक के कर्मचारियों ने मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया।
एएनएम प्रतिमा देवी ने महिलाओं एवं बच्चों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संतुलित दिनचर्या और साफ-सफाई से कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक रघुनाथ मिश्रा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ‘संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स’ की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने जिन लोगों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उन्हें शीघ्र बनवाने के लिए प्रेरित किया तथा आवश्यक जानकारी के लिए क्लिनिक कर्मियों से संपर्क करने की सलाह दी।
उल्लेखनीय है कि SBI Foundation एवं ROJ Foundation द्वारा संचालित ‘संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स’ के माध्यम से कांडी प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराई जा रही हैं। चलंत चिकित्सा वाहन के जरिए गांव-गांव पहुंचकर लोगों का उपचार एवं निशुल्क दवा वितरण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न बीमारियों से बचाव तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डॉ. आर कुमार, फार्मासिस्ट राकेश कुमार, लैब टेक्नीशियन राहुल कुमार, चलंत चिकित्सा वाहन चालक लक्ष्मीकांत पांडेय, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रभाकर कुमार, कोऑर्डिनेटर आनंद मोहन, वार्ड पार्षद संगीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो रही है।











