Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि):
बरडीहा थाना क्षेत्र के आदर पंचायत अंतर्गत कुसुमिया दामर गांव से होकर निकलने वाली कलश यात्रा को लेकर उत्पन्न विवाद अब सुलझ गया है। रविवार को थाना परिसर में आयोजित पिस कमेटी की बैठक में दोनों समुदायों की सहमति से तय किया गया कि कलश यात्रा पूर्व निर्धारित रूट से ही निकाली जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय कुमार पांडेय ने की। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाया कि धार्मिक आयोजनों में सभी समुदायों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना चाहिए। बैठक में मुस्लिम समुदाय की ओर से स्पष्ट किया गया कि वे कलश यात्रा के मार्ग को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताएंगे।
पिछले वर्ष हुआ था विवाद
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष दशहरा के दौरान एकम को जब कलश यात्रा निकाली जा रही थी, तब दूसरे समुदाय के कुछ लोगों द्वारा यात्रा में बाधा उत्पन्न की गई थी। यात्रा को घंटों रोका गया था और महावीरी झंडा व गाजे-बाजे सहित पिकअप वाहन को आगे बढ़ने से मना कर दिया गया था। मामले को तत्कालीन अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर सुलझाया था, लेकिन घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई थी।
विवाद की पुनरावृत्ति से रोकने की तैयारी
शनिवार को भी थाना परिसर में आयोजित पहली पिस कमेटी की बैठक में यह मुद्दा गरमा गया था। आगामी नवरात्रि के दौरान फिर से विवाद न हो, इसे देखते हुए एसडीओ संजय कुमार पांडेय ने रविवार को फिर बैठक बुलाई, जहाँ स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया।
प्रशासन की अपील
एसडीओ पांडेय ने बैठक में कहा,
“धार्मिक आयोजन सबका है, हमें मिल-जुलकर एक-दूसरे के पर्व में सहयोग करना चाहिए। सभी धर्मों का सम्मान ही सामाजिक एकता की बुनियाद है।”
उपस्थित अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति
बैठक में डीएसपी नीरज कुमार, बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय, पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि नसरुद्दीन अंसारी उर्फ बहादुर अंसारी, शहादत हुसैन, रिजवान अंसारी, अशोक कुमार, विनोद कुमार प्रजापति, विमलेश कुमार गुप्ता सहित 30-40 ग्रामीण व प्रतिनिधि उपस्थित थे।











