Location: Meral
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी एस जी एन मॉडर्न किंडरगार्टन में भगवान श्री श्री आनंदमूर्ति जी द्वारा प्रदत्त अष्टाक्षरी सिद्ध महामंत्र ‘बाबा नाम केवलम’ के संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने संगीत और बाध्य यंत्रों की सुमधुर संगति में संकीर्तन प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
विद्यालय के निदेशक श्री धर्मेंद्र देव ने कहा कि – “प्रत्येक व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक प्रगति के लिए संगीत से जुड़ना चाहिए। यह साधना का एक सशक्त माध्यम है।” उन्होंने आगे कहा – “कर्म ही पूजा है और ज्ञान ही जीवन का सच्चा पथ-प्रदर्शक है। आत्मोन्मुक्ति तथा लोक कल्याण के संतुलन हेतु ‘आत्ममोक्षार्थं जगद्धिताय च’ का अनुसरण करना आवश्यक है।”
‘बाबा नाम केवलम’ मंत्र का अर्थ है – “इस समस्त ब्रह्मांड में केवल एक ही परमप्रिय, परम आराध्य सत्ता – परमेश्वर ही सर्वस्व हैं।” यह संकीर्तन न केवल आध्यात्मिक आनंद का स्रोत है, बल्कि यह मानसिक शांति, चिंताओं का नाश, पाप ताप का हरण, पर्यावरण शुद्धि, और रोगों के निवारण जैसी अनगिनत सकारात्मक प्रभावों से युक्त है।
कार्यक्रम में प्रस्तुत ललित मार्मिक नृत्य न केवल एक सांस्कृतिक गतिविधि था, बल्कि वह आध्यात्मिक भाव तरंगों से युक्त एक प्रभावशाली मानसिक-आध्यात्मिक व्यायाम भी था।












