Location: Ranka
रंका (गढ़वा): पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सोमवार को रंका स्थित पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सुबह करीब 11 बजे पहुंचे पुलिस अधीक्षक को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। पुलिस उपाधीक्षक रोहित रंजन सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने लूट, डकैती, आपराधिक मामलों के आंकड़े, पिछले पांच वर्षों के दंगों से संबंधित कांड, लंबित मामलों की प्रगति, जमानत पर छूटे अपराधियों की गतिविधियां, फरार एवं संदिग्ध अभियुक्तों की जानकारी, पुराने मामलों के लंबित रहने के कारण, न्यायालय के निर्णय, तथा अपराध नियंत्रण में पुलिस की भूमिका की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर रिपोर्ट न्यायालय को सौंपने, अपराध नियंत्रण में सतर्क रहने और पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा, भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान, रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, चिनियां थाना प्रभारी राधेश्याम, रमकंडा थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह कुण्डिया, बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक मौर्या समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











