Location: Meral
मेराल। सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मेराल स्थित एसडी मेमोरियल एकेडमी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा 8 के विद्यार्थियों को तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस मौके पर सदर अस्पताल गढ़वा के जिला परामर्शी नीरज कुमार तथा शारदा कच्छप ने विद्यार्थियों को जीवन में तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा घर-परिवार एवं पास-पड़ोस के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई।
नीरज कुमार ने छात्र-छात्राओं को बताया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर जैसी लाइलाज बीमारी सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए जीवनभर तंबाकू से दूर रहने की सलाह दी।
विद्यालय के निदेशक ब्रजेश कुमार मिश्र तथा प्रधानाध्यापक अरुण राम ने भी विद्यार्थियों को तंबाकू से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी और उन्हें प्रेरित किया कि वे अपने जीवन में कभी भी तंबाकू का सेवन न करें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का प्रयास करें।
इस अवसर पर तंबाकू नियंत्रण विभाग की ओर से छात्र-छात्राओं को टी-शर्ट भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।









