Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा):
एक बच्चे का पिता और फिर से गर्भवती पत्नी के होते हुए, लोहार पुरवा गांव निवासी बबलू उर्फ गोलू बैठा द्वारा एक अविवाहित युवती को शादी का झांसा देकर भगाने और यौन शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार को मझिआंव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गढ़वा जेल भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी बबलू पहले से विवाहित है, उसकी पत्नी एक साल के बच्चे की मां है और फिर से गर्भवती है। इसके बावजूद वह एक 20 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो ने मोबाइल पर दोनों को समर्पण करने को कहा, जिसके बाद बबलू युवती को लेकर थाना पहुंचा।
थाना में युवती की मांग में सिंदूर भरा पाया गया। वहीं आरोपी की पत्नी ने थाने पहुंचकर विरोध जताया और रोते हुए सवाल किया, “जब मैं जिंदा हूं, तो मेरे रहते मेरा पति दूसरी शादी कैसे कर सकता है?”
इस पूरे घटनाक्रम के बाद युवती ने भावनात्मक रूप से टूटते हुए बबलू पर बलात्कार, बहलाने-फुसलाने और झांसा देकर भगाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला केस संख्या 126/25 के तहत धारा 69 बी.एन.सी. में दर्ज किया गया है।











