Location: Garhwa
गढ़वा। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त श्री यादव ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की प्रति अग्रसारित कर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके।
इस दौरान धुरकी प्रखंड के पचफेड़ी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि कोविड-19 काल में उनके गांव में पोल, तार और ट्रांसफार्मर लगाए गए, घरों में मीटर भी लग गया, परंतु आज तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई। जंगली हाथियों की आवाजाही के बीच अंधेरे में जीवन गुजारना ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है।
इसी प्रखंड की प्रिया कुमारी ने आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनका गांव आदिम जनजाति बहुल क्षेत्र है तथा वे स्वयं पीवीटीजी समुदाय से संबंध रखती हैं। अतः सेविका चयन में नियम के अनुरूप पीवीटीजी महिला को प्राथमिकता देने की मांग की।
बरडीहा प्रखंड के नावाडीह गांव के ग्रामीणों ने नदी किनारे अवैध महुआ शराब भट्टी के संचालन की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे गांव के लोग और बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं तथा नदियों में प्रदूषण भी फैल रहा है। ग्रामीणों ने ऐसी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा भी कई मामले जनता दरबार में आए, जिन पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।












