Location: सगमा
सगमा (गढ़वा) – प्रखंड के झुनका गांव निवासी एक महिला ने बीडीसी प्रतिनिधि पर अबूआ आवास दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने सगमा बीडीओ को आवेदन देकर जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
घघरी पंचायत अंतर्गत झुनका गांव निवासी सुमित्रा देवी, पति शिवशंकर यादव ने बीडीओ को दिए आवेदन में लिखा है कि करीब दस माह पूर्व पंचायत की बीडीसी सविता देवी के पति रविंद्र बैठा ने अबूआ आवास देने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए थे। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि एक माह के भीतर आवास स्वीकृत करवा दिया जाएगा, लेकिन दस महीने बीत जाने के बावजूद न तो आवास मिला और न ही रुपये वापस किए गए।
सुमित्रा देवी ने बताया कि जब उन्होंने अपने पैसे की मांग की तो रविंद्र बैठा ने धमकी देते हुए कहा कि “पैसा नहीं मिलेगा, जहां जाना है जा सकती हो।”
पीड़िता ने बीडीओ से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है ताकि उसे न्याय मिल सके।











