Location: सगमा
सगमा, गढ़वा:
गढ़वा जिले के सगमा प्रखंड अंतर्गत पुटुर गांव में बीती रात आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान के बैल की मौत हो गई। यह घटना तेज बारिश के दौरान हुई, जिससे किसान विजय प्रजापति को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, विजय प्रजापति ने शाम के समय अपने बैल को घर से कुछ दूरी पर बांधा था और फिर घर लौटकर सो गए। रात में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से बैल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से दुखी किसान विजय प्रजापति ने बताया कि बैल ही उनका मुख्य सहारा था, जिससे वह खेती करते थे। अब उनके पास नया बैल खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं, जिससे आने वाले समय में खेती करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने अपने भविष्य को लेकर चिंता जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया पति हनुमंत यादव मौके पर पहुंचे और किसान को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो भी मुआवजा निर्धारित है, उसे दिलवाने की पूरी कोशिश की जाएगी।











