Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर: प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), अधौरा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) विजय पांडेय ने प्रखंड अंतर्गत सभी उच्च, उत्क्रमित, मध्य, नव प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बीआरपी एवं सीआरपी की उपस्थिति में विभागीय कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में ‘प्रयास सह प्रोजेक्ट इंपैक्ट’ पर विशेष चर्चा करते हुए बीईईओ ने कहा कि सभी विद्यालयों में चार हाउस का गठन किया जाए, जिनके नाम से नोटिस बोर्ड व दीवार लेखन किया जाए। प्रार्थना सभा के दौरान चारों हाउस के विद्यार्थी अपने झंडे तले पंक्तिबद्ध होकर आदर्श प्रार्थना सभा में शामिल हों। इसमें समाचार पत्र वाचन, सामान्य ज्ञान, आज का विचार, प्रस्तावना पाठ तथा सप्ताह में दो दिन योग व व्यायाम को शामिल करने की बात कही गई।
बीईईओ ने रेल प्रोजेक्ट के तहत टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करने, छात्रों के पोशाक व स्वच्छता की नियमित जांच, महापुरुषों के जन्म व पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजन, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा सबसे पहले आने वाले छात्र का पुष्प देकर सम्मानित करने जैसे गतिविधियों को नियमित रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि एमडीएम (मध्याह्न भोजन) की रिपोर्टिंग प्रतिदिन शत-प्रतिशत एसएमएस के माध्यम से की जाए। ई-विद्या वाहिनी एप पर छात्र-शिक्षक की उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयों का संचालन तय समय के अनुसार हो और शिक्षक उपस्थित होकर नियमित शिक्षण कार्य करें, इस पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में बीपीओ तहमीना परवीन, बीआरपी श्रीकांत चौबे, सीआरपी सुबोध कुमार, शक्तिदास सिन्हा, एमआईएस कोऑर्डिनेटर राजकुमार कुशवाहा सहित अनेक शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से अखिलेश प्रसाद, रमेश प्रसाद, अजिताभ कुमार, कुंदन कुमार, अविनाश चंद्र, बिनोद ठाकुर, अलीम अंसारी, नरेंद्र श्रीवास्तव, संध्या कुमारी, उमेश कुमार, पम्पा साह, केदारनाथ मिश्र, किरण कुमारी, रागिनी रवानी, प्रदीप कुमार, सुभाष राम, मदन राम, मुनेश्वर मेहता, अनूप विश्वकर्मा, नीलम पांडेय, सरोज कुमारी, निर्मल कुमार, बैजनाथ उरांव सहित सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।











