Location: Meral
मेराल। हासनदाग मदरसा परिसर में शुक्रवार को समाजसेवी भरदुल विश्वकर्मा द्वारा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। रमजान के पाक महीने में आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के पूर्व मुखिया दुखन चौधरी, समाजसेवी और मुस्लिम रोजेदार सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के रोजेदारों के लिए विशेष रूप से इफ्तार की व्यवस्था की गई थी। अज़ान के साथ उपस्थित अतिथियों और रोजेदारों ने सामूहिक रूप से रोजा खोला। रोजेदारों ने गांव के अमन, शांति और तरक्की के लिए दुआ की। साथ ही इफ्तार की व्यवस्था करने वालों की तरक्की और खुशहाली के लिए भी दुआ की गई।
पूर्व मुखिया दुखन चौधरी ने कहा कि इसका उद्देश्य सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि पवित्र रमजान आत्मसंयम, अनुशासन और धार्मिक भावना का संदेश देता है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे गांव में हिंदू-मुस्लिम एकता का उदाहरण हमेशा कायम रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने ईद और रामनवमी की अग्रिम बधाई भी दी।
आयोजक भरदुल विश्वकर्मा ने कहा कि हम सब एक साथ मिलकर रहते हैं और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। इसलिए पवित्र रमजान के मौके पर रोजेदारों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए भरदुल विश्वकर्मा की सराहना की और कहा कि वे हमेशा सामाजिक सेवा में लगे रहते हैं।
इस अवसर पर शिक्षक ताहिर अंसारी, नायब सदर ऐनुल अंसारी, ठेकेदार अकबर अंसारी, मेसर्स गुलाबास अंसारी, संतोष कुमार चौधरी, प्रदीप चौबे, राजेंद्र चौधरी, मंसूर अंसारी, मेसर्स कौसर अंसारी, इमरान अंसारी, रोजमोहम्मद अंसारी, अलीमुद्दीन अंसारी, सफायत अंसारी, डॉक्टर वाहिद अंसारी, ए एच अख्तर, इरफान अंसारी, सद्दाम अंसारी, हबीब अंसारी, अनीश अंसारी, तौहीद अंसारी सहित सैकड़ों रोजेदार शामिल हुए।
कार्यक्रम ने धार्मिक एकता, सामाजिक सौहार्द और सामूहिक सहभागिता का संदेश देते हुए गांव में भाईचारे की भावना को और मजबूत किया।