Location: पलामू
मेदिनीनगर (पलामू), प्रतिनिधि। सदर थाना पुलिस ने रजवाडीह स्थित एक स्कूल से गैस सिलेंडर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसकी निशानदेही पर चोरी के दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं।
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बुधवार को बताया कि 7 जुलाई की शाम करीब छह बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में चोरी की नीयत से संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने मेडिकल कॉलेज क्षेत्र की रेकी करने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि कुछ दिन पूर्व अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रजवाडीह स्कूल से दो गैस सिलेंडर चोरी किए थे। सिलेंडर बेचने के लिए ग्राहक नहीं मिलने पर उसने उन्हें एक स्थान पर छिपाकर रख दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों गैस सिलेंडर बरामद कर लिए।
गिरफ्तार युवक की पहचान रामा भुइंया उर्फ बुचन भुइंया (17 वर्ष), पिता राजकुमार भुइंया, निवासी ग्राम कचरवा, टोला बारालोटा, थाना सदर, जिला पलामू के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध सदर थाना कांड संख्या 143/2025 दर्ज है।
पूछताछ के बाद पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। छापेमारी दल में थाना प्रभारी अफजल अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक तेरेसा मिंज, पंकज कुमार तिवारी, सुजीत कुमार पांडेय, नबी अंसारी तथा सदर थाना के पुलिस बल शामिल थे।











