Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा) प्रतिनिधि: झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ जिला इकाई गढ़वा के आह्वान पर मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के मनरेगा कर्मी तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर चले गए हैं। यह हड़ताल ग्राम रोजगार सेवक सह प्रखंड अध्यक्ष प्रेम राम की अध्यक्षता में की जा रही है।
इस संबंध में प्रखंड संघ के अध्यक्ष प्रेम राम एवं बरडीहा प्रखंड के बीपीओ प्रभु टोप्पो ने बताया कि झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रदेश कमेटी के आह्वान पर गढ़वा जिला इकाई द्वारा अपनी लंबित मांगों के समर्थन में 9 मार्च 2026 से 11 मार्च 2026 तक सांकेतिक हड़ताल का निर्णय लिया गया है। साथ ही मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 12 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला उपायुक्त सह जिला कार्यक्रम समन्वयक को भी पत्र सौंपकर हड़ताल की जानकारी दी गई है। मनरेगा कर्मियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, वहीं गढ़वा जिले में कार्यमुक्त किए गए मनरेगा कर्मियों के मामले में भी कोई पहल नहीं हुई है। इसी के विरोध में यह सांकेतिक हड़ताल की जा रही है।
प्रेम राम ने बताया कि संघ के बैनर तले मझिआंव, बरडीहा सहित अन्य प्रखंडों के मनरेगा कर्मी भी हड़ताल में शामिल हैं। हड़ताल के दौरान बीपीओ अजीत कुमार सिंह, जेई जसवंत कुमार, लिपिक अखिलेश कुमार, ग्राम रोजगार सेवक वीरेंद्र प्रसाद, सत्येंद्र ठाकुर, सुरेश राम, बरडीहा प्रखंड के रोजगार सेवक सुमन बैठा, शंकर सिंह, इंतजार अंसारी, जोसेफ फ्रांसिस, लेखपाल राजू कुमार ठाकुर, कंप्यूटर सहायक धीरेंद्र कुमार, कनीय अभियंता अनिंकेश कुमार, एई अमित कुमार भारती सहित कई मनरेगा कर्मी उपस्थित रहे।











