Location: Bhavnathpur

भवनाथपुर (गढ़वा), बुधवार। थाना क्षेत्र के बुका गांव में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों ओर से एक-एक व्यक्ति घायल हो गया।
पहले पक्ष के घायल गिरिजानंद राउत ने बताया कि बिना जमीन का बंटवारा किए पृथ्वी राउत, अमेन्द्र राउत और अभिमन्यु राउत जबरन घर निर्माण कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त लोग उग्र हो गए और लाठी, डंडा व रॉड से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। घायल ने बताया कि जान से मारने की नीयत से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। शोर सुनकर परिजनों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया।
घटना के बाद गिरिजानंद राउत ने भवनाथपुर थाना में पृथ्वी राउत, अमेन्द्र राउत और अभिमन्यु राउत के विरुद्ध नामजद आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से कलौती कुंवर घायल हुई हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने हिस्से की जमीन पर घर बना रही थीं, तभी नीलू राउत, फोटल राउत, संजय राउत, दिलीप राउत, उमेश राउत, पंकज राउत, अंजय राउत और अंजनी राउत गाली-गलौज करते हुए पहुंचे और डांटा से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
समाचार लिखे जाने तक दूसरे पक्ष की ओर से थाना में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
v












