Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर सीएचसी का औचक निरीक्षण, संसाधन बढ़ाने का दिया आश्वासन
भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. जॉन कैनेडी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, कार्यालय समेत विभिन्न विभागों का अवलोकन किया और चिकित्सकों द्वारा देखे जाने वाले मरीजों की पंजी का बारीकी से निरीक्षण किया।
पत्रकारों द्वारा जब 108 एंबुलेंस सेवा की बाधित स्थिति, डिजिटल एक्स-रे मशीन और खराब पड़ी सीबीसी मशीन की जानकारी दी गई, तो सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि सीमित संसाधनों के बीच चिकित्सक बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मरीजों की सुविधा के लिए अधिक से अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को सुचारु करने तथा सीबीसी व डिजिटल एक्स-रे मशीन को चालू करने की दिशा में शीघ्र कदम उठाने की बात कही।
डॉ. कैनेडी ने सीएचसी भवन की कमी, कर्मियों के लिए आवासीय सुविधा का अभाव और लैब की समुचित व्यवस्था जैसी समस्याओं को स्वीकार किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लैब को शीघ्र शिफ्ट कर सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान गढ़वा डी.डी.एम. सुजीत मुंडा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. रंजन दास, शैलेन्द्र कुमार, डॉ. पंकज पाठक, डॉ. अभिनीत विश्वास, आयुष्मान प्रभारी गुप्तेश्वर प्रसाद, सुनील पटेल, अरुण लकड़ा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
भवनाथपुर सूर्य मंदिर प्रांगण में दुर्गा पूजा समिति का गठन
भवनाथपुर। सूर्य मंदिर विकास क्लब की ओर से सूर्य मंदिर प्रांगण में बैठक आयोजित कर आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से पूजा समिति का गठन किया गया।
समिति में सुनील कुमार गुप्ता को अध्यक्ष, नवल किशोर गुप्ता को उपाध्यक्ष, सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता को सचिव और संजय कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शंकर गुप्ता, शशि भूषण ठाकुर, ब्रजेश कुमार गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, रवि शंकर गुप्ता, अजय गुप्ता, रंजीत गुप्ता और राजेश कुमार सिंह को शामिल किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी दुर्गा पूजा धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी तथा मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रभात फेरी व प्रतियोगिताएं आयोजित
भवनाथपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिंदुरिया पंचायत के पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय, घाघरा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली और नारा लगाया— “खेल दिवस आज है, खेलने-कूदने का लो संकल्प, स्वस्थ रहने का यही विकल्प।” प्रभात फेरी के बाद प्रार्थना सभा में मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
विद्यालय शिक्षक राकेश कुमार चौबे ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। खेल से शरीर स्वस्थ रहता है और अनुशासन की भावना विकसित होती है। प्रधानाध्यापिका उर्मिला कुमारी ने बच्चों को खेल भावना से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों को खेल का शपथ दिलाया गया। इसके बाद विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच दौड़ तथा कक्षा 6 से 8 तक के लिए 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ और कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राकेश चौबे ने किया। मौके पर शिक्षक उदय कुमार, चंदेश्वर कुमार, परमल साह, बाल संसद के सभी मंत्री और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे












