Location: Garhwa
गढ़वा। जिला मुख्यालय से सटे नवादा गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सेफ्टी टैंक का सेटिंग खोलने के दौरान एक-एक कर चारों व्यक्ति टैंक में उतरे और जहरीली गैस से दम घुटने के कारण उनकी जान चली गई।
मृतकों में नवादा निवासी मोती चौधरी के तीन पुत्र — अजय चौधरी (50), चंद्रशेखर चौधरी (42), राजू शेखर चौधरी (55) — और गांव के मल्टू राम शामिल हैं। घटना उस वक्त हुई जब राजू शेखर चौधरी के घर के नए सेफ्टी टैंक का सेटिंग खोला जा रहा था। सबसे पहले मल्टू राम टैंक में उतरे और बाहर नहीं लौटे। इसके बाद राजू शेखर चौधरी, अजय चौधरी और फिर चंद्रशेखर चौधरी भी नीचे गए, लेकिन चारों फंस गए।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और गढ़वा सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ नीरज कुमार और गढ़वा थाना प्रभारी बृज कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, टैंक में जहरीली गैस भरने के कारण हादसा हुआ। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












