Location: Garhwa
गढ़वा, 23 सितंबर:
दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं समुचित प्रबंधन हेतु समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त दिनेश यादव ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक अमन कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने घोषणा की कि इस वर्ष बेहतर, सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल पूजा पंडालों को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए कुछ मुख्य मापदंड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, ध्वनि नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, महिला-पुरुष के लिए अलग प्रवेश-निकास द्वार, सुरक्षा व्यवस्था एवं न्यूनतम खर्च में बेहतर संचालन शामिल है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि यह पहल अन्य आयोजकों को प्रेरित करेगी और त्यौहारों के दौरान समुचित व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा स्वयंसेवकों के लिए पहचान पत्र और एकरंगी परिधान सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा के दृष्टिकोण से गोताखोरों की तैनाती, अग्निशमन की व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष की स्थापना तथा हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया रात्रि 10 बजे तक पूर्ण करने पर बल दिया। उन्होंने अग्निकांड से बचाव हेतु पूजा समिति को पर्याप्त मात्रा में पानी एवं बालू की व्यवस्था रखने की सलाह दी।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, थाना प्रभारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।












