गढ़वा, ▪︎ डंडा थाना क्षेत्र के कोटा गांव निवासी आशुतोष चौधरी, पिता शंभु चौधरी, को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। युवक पर गांव की ही एक युवती ने प्रेम–प्रसंग के बहाने शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशुतोष चौधरी कथित रूप से युवती को शादी का झांसा देकर कई महीनों तक शोषण करता रहा। मामला परिजनों के संज्ञान में आने पर गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत के बीच दोनों पक्षों की सहमति से युवक और युवती की विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। पंचायत में युवक के पिता ने यह आश्वासन दिया था कि बड़े बेटे की शादी के साथ ही दोनों की औपचारिक शादी भी संपन्न कराई जाएगी। इसके बाद पंचायत के निर्णय के अनुसार युवती को युवक के घर भेज दिया गया।
युवती लगभग पांच महीने तक युवक के घर रही। इसके बाद युवक पक्ष ने युवती को रखने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद मामला नहीं सुलझा। अंततः युवती ने डंडा थाना में आवेदन देकर आशुतोष चौधरी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद युवती को मेडिकल जांच के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया।












