Location: Ranka
रामानुजगंज (छत्तीसगढ़) स्थित वन वाटिका में सोमवार को झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों की अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों की सीमा से जुड़े अपराधों पर नियंत्रण, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा संयुक्त कार्रवाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
गढ़वा पुलिस की ओर से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी भंडरिया सुभाष कुमार पासवान, पुलिस निरीक्षक रंका अंचल अभिजीत गौतम, थाना प्रभारी रंका रवि कुमार केशरी तथा थाना प्रभारी चिनिया बिक्कु कुमार रजक शामिल हुए। वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से एसडीओपी रामानुजगंज बाजी लाल सिंह, थाना प्रभारी रामानुजगंज अजय साहू, थाना प्रभारी त्रिकुंडा व्यास नारायण चुरेंद्र, थाना प्रभारी रामचंद्रपुर मनोज नवरंगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में गौ तस्करी, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी, वामपंथी उग्रवाद तथा अन्य अंतर्राज्यीय अपराधों की रोकथाम के लिए आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी। अपराधियों, संदिग्धों और वारंटियों से संबंधित सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान, अंतर्राज्यीय गिरफ्तारी के दौरान कानूनी प्रक्रियाओं का पालन, तकनीकी सहयोग बढ़ाने तथा सीमा क्षेत्रों में वाहन जांच और सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक का उद्देश्य दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय, संवाद और संयुक्त कार्रवाई की व्यवस्था को मजबूत करना था, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।











