Location: Garhwa
गढ़वा (प्रतिनिधि): माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देश और उच्च न्यायालय झालसा, रांची के मार्गदर्शन में, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा श्री मनोज प्रसाद तथा सचिव श्रीमती निभा रंजना एलकड़ा के कर-कमलों से शुक्रवार को गढ़वा प्रखंड सभागार में “वीर परिवार सहायता योजना” पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पी.एल.वी. मुरली श्याम तिवारी ने किया। उन्होंने वीर परिवारों के कानूनी अधिकारों और उनके लिए उपलब्ध विधिक सहायता पर प्रकाश डाला।
इस दौरान लीगल काउंसिल श्री रामलखन पांडेय ने बताया कि वीर सैनिकों के परिवार, उनके आश्रित, या देश की सुरक्षा में शहीद हुए जवानों के परिजन यदि किसी पारिवारिक विवाद, उपभोक्ता मामला या संपत्ति विवाद में उलझे हैं, तो वे मुकदमा दर्ज करने से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा के सैनिक प्रकोष्ठ से निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
सेवानिवृत्त सैनिक प्रकोष्ठ के पी.एल.वी. अजय कुमार तिवारी ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं पी.एल.वी. कृष्णानंद दुबे ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा वीर परिवारों के लिए प्रहरी की तरह कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रखंड, थाना और पंचायत स्तर पर कार्यरत पी.एल.वी. से संपर्क कर वीर परिवार अपने कानूनी समस्याओं का निःशुल्क समाधान पा सकते हैं।
कार्यक्रम में फौजदारी मामलों में कानूनी प्रतिनिधित्व, उत्तराधिकार एवं संपत्ति से जुड़े विवादों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर गोपाल दुबे, अभिमन्यु चौबे, विनय दुबे, श्याम चौबे, कैप्टन अशोक तिवारी, पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, सेवानिवृत्त सैनिक एवं उनके आश्रित पी.एल.वी. सुधीर कुमार चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।












