Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर में मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती का 61वां स्मृति दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। दक्षिण मुहल्ला स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में बुधवार को आदरणीय मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती जी का 61वां पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मातेश्वरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन योग एवं तपस्या से हुई। इस दौरान उपस्थित भाई-बहनों ने विशेष राजयोग का अभ्यास कर मातेश्वरी जी के दिव्य जीवन, त्याग, तपस्या और आध्यात्मिक मूल्यों का स्मरण किया। इसके बाद उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि प्रकाश बबलू उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से उन्हें लक्ष्मी-नारायण का चित्र एवं ओम शांति मीडिया की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। बाद में ब्रह्माभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
केंद्र संचालिका बी.के. सुचिता ने कहा कि मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती का जीवन त्याग, सादगी, अनुशासन और आध्यात्मिक समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से मानवता को आध्यात्मिक जागृति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
रवि प्रकाश बबलू ने कहा कि मातेश्वरी जी का संपूर्ण जीवन सेवा, त्याग और आध्यात्मिक चेतना को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर नैतिकता, संस्कार और मानव सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
मौके पर डॉ. शुक्ला प्रसाद, डॉ. धर्मचंद लाल अग्रवाल, सुजीत लाल अग्रवाल, सुनीता माता, रंभा माता, रंजिता माता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन शांति योग एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ।
मोहर्रम की सातवीं पर बिशुनपुर और पुरैनी कर्बला में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। मोहर्रम के पाक महीने की सातवीं तारीख पर नगर पंचायत क्षेत्र के बिशुनपुर एवं पुरैनी स्थित कर्बला में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों जायरीनों ने कर्बला पहुंचकर चादरपोशी की तथा देश में अमन, चैन, भाईचारा और खुशहाली की दुआ मांगी। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
बिशुनपुर कर्बला में मोहर्रम इंतजामिया कमेटी के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमेटी के सदर तवाब खान ने कहा कि इस वर्ष मोहर्रम के आयोजन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है और वे सभी सदस्यों के सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अंजुमन के सदर तौहीद खान के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
मोहम्मदी ऑर्गेनाइजेशन की ओर से जायरीनों के लिए शरबत, पेयजल और बिस्कुट की व्यवस्था की गई थी। संगठन के सदर नौशाद खान ने कहा कि मोहर्रम इंसानियत, भाईचारे और कुर्बानी का संदेश देता है तथा लोगों को प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
पुरैनी कर्बला में भी सातवीं के अवसर पर विशेष सजावट की गई थी। कर्बला कमेटी के सदर मकसूद अंसारी के नेतृत्व में जायरीनों के लिए शरबत और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मुल्क की तरक्की, अमन और खुशहाली की दुआ मांगी।
मकसूद अंसारी ने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान और इंसानियत की महान सीख देता है। हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी मानवता और सत्य की रक्षा के लिए हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में आजाद आलम, शमशेर आलम, शाहिद रजा, अफरोज अंसारी सहित कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना झारखंड के लिए गौरव का क्षण : विजया लक्ष्मी देवी
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी संगम भारत राष्ट्रीय कला सेवा संस्थान की प्रदेश अध्यक्ष विजया लक्ष्मी देवी ने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन को भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह सम्मान दिशोम गुरु के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किए गए आजीवन संघर्ष तथा आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, पहचान और अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक थे।
उन्होंने कहा कि बाबा आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और त्याग आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। झारखंड राज्य के निर्माण और यहां के लोगों के अधिकारों की रक्षा में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
विजया लक्ष्मी देवी ने कहा कि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में दिशोम गुरु ने उन्हें भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से झामुमो का प्रत्याशी बनाकर चुनाव लड़ने का अवसर दिया था। रमना रेलवे स्टेशन मैदान में आयोजित चुनावी सभा में बाबा द्वारा कही गई बातें आज भी उन्हें समाज और जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा हमेशा युवाओं को संगठित होकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने का संदेश देते थे। उनका जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है।
विजया लक्ष्मी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं महामहिम राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे झारखंड की जनता को समर्पित है और राज्य के गौरव को नई पहचान देने वाला है।
मोहर्रम को लेकर नगर ऊंटारी पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार की शाम नगर ऊंटारी पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। आगामी शुक्रवार को निकलने वाले ताजिया, अखाड़ा एवं मातमी जुलूस को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
फ्लैग मार्च पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में बिशुनपुर, चचेरिया, धुरकी मोड़, जंगीपुर और पाल्हे कलां सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस के निर्धारित मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) को सक्रिय रखा गया है। वहीं सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए साइबर सेल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों के लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके। फ्लैग मार्च में रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार, बिशनपुरा थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद थे।