Location: पलामू
मेदिनीनगर। हम पार्टी (सेक्युलर) के पलामू जिला अध्यक्ष सह युवा समाजसेवी आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात कर पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव वारिस आलम, युवा नेता अबू फैजल, राकेश विश्वकर्मा सहित कई लोग शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को उठाया। इस दौरान हुई सकारात्मक वार्ता में उपायुक्त ने सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने बताया कि मेदिनीनगर-जोरकट स्थित नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य अभी अधूरा है, इसके बावजूद टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। वहीं ठेकेदार कंपनी द्वारा पुरानी सड़क की मरम्मत नहीं कराए जाने के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर कार्यरत कर्मियों द्वारा स्थानीय नागरिकों के साथ बदसलूकी की जाती है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मांग की कि स्थानीय लोगों को टोल पास उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर लगाकर युद्धस्तर पर पास निर्गत किए जाएं।
आशुतोष तिवारी ने कहा कि आम जनता के हक और अधिकार की रक्षा के लिए उनकी पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि टोल नाकों पर भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना तथा अवैध वसूली पर रोक लगाना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की अपील की।











