Location: कांडी
गढ़वा (कांडी प्रखण्ड):
जिले के कांडी प्रखण्ड अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में करोड़ों रुपये की लागत से बना 30 बेड का नया अस्पताल भवन बीते छह महीनों से उद्घाटन का इंतजार कर रहा है।
निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और संवेदक द्वारा छह महीने पहले ही इसे स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर भी कर दिया गया है। इसके बावजूद अब तक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा शुरू नहीं हो सकी है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और निराशा व्याप्त है।
सड़क नहीं, सुविधा नहीं
प्रखण्ड चिकित्सा प्रभारी डॉ. गोविंद सेठ के अनुसार, अस्पताल तक पहुँचने के लिए सुगम मार्ग न होने के कारण उद्घाटन और संचालन में बाधा आ रही है।
बताया जा रहा है कि लगभग 100 मीटर की दूरी में मिट्टी-मोरम डालकर या ह्यूम पाइप से अस्थायी सड़क बनाई जा सकती है, लेकिन विभाग की ओर से कोई पहल नहीं हो रही है।
8 साल में बनी इमारत, लेकिन सुविधा कब?
इस अस्पताल का शिलान्यास 08 अप्रैल 2018 को तत्कालीन विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी द्वारा किया गया था। इसके निर्माण में 8 वर्ष का लंबा समय लग गया। लेकिन अब जब निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, तब भी यहां से इलाज की शुरुआत नहीं होना जनता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
जनता का सवाल: कब मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा?
सतबहिनी क्षेत्र के लोग वर्षों से एक बेहतर अस्पताल की मांग कर रहे थे। अब जब वह बना है, तो सिर्फ एक अस्थायी सड़क के अभाव में इसका लाभ नहीं मिल पाना चिंता का विषय है।
स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग को इस दिशा में शीघ्र पहल करनी चाहिए और अस्पताल में जल्द से जल्द स्वास्थ्य सेवाएं बहाल की जाएं ताकि क्षेत्र की बड़ी आबादी को इसका लाभ मिल सके।











