Location: Shree banshidhar nagar
योग प्रशिक्षक सुजीत लाल अग्रवाल ने कराए विविध आसन, वातावरण गूंजा गायत्री मंत्रोच्चार से
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को श्री बंशीधर नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर, पेट्रोल पंप के समीप, एक सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग सत्र का नेतृत्व योग प्रशिक्षक सुजीत लाल अग्रवाल ने किया।
योग सत्र के दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने क्रमशः सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम आदि करवाए।
उन्होंने कहा कि “योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन और आत्मा को भी स्वस्थ करता है। आज की भागदौड़ भरी और तनावयुक्त जीवनशैली में योग ही आत्मिक शांति और ऊर्जा का सर्वोत्तम साधन है।”
कार्यक्रम के दौरान गायत्री मंत्रोच्चार और शांति पाठ के माध्यम से वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ, जिससे उपस्थितजन भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर अनिल लाल अग्रवाल, सुरेश विश्वकर्मा, अखौरी प्रसाद ज्योतिम, शुभम जायसवाल, मीना देवी, अनीता देवी, सृष्टि कुमारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व नागरिक उपस्थित थे।












