Location: Meral
मेराल (गढ़वा): झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के आह्वान पर मेराल प्रखंड के मनरेगा कर्मी सोमवार से तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के माध्यम से कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है।
इस संबंध में मनरेगा कर्मचारी संघ के मेराल प्रखंड अध्यक्ष सह जेई फिरोज अंसारी ने बताया कि मनरेगा कर्मियों की लंबित मांगों को लेकर यह सांकेतिक हड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि 11 मार्च तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 12 मार्च से सभी मनरेगा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
उन्होंने बताया कि हड़ताल की सूचना गढ़वा के उपायुक्त, उपविकास आयुक्त तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को लिखित आवेदन देकर दे दी गई है। मनरेगा कर्मियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों के साथ-साथ गढ़वा जिले में कार्यमुक्त किए गए मनरेगा कर्मियों की वापसी में हो रही देरी के कारण यह कदम उठाना पड़ा है।
हड़ताल के दौरान मनरेगा कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अभिमन्यु तिवारी, बीपीओ आदम अली, शशि भूषण, रोजगार सेवक मंजय तिवारी, रघुवर राम, रामदेणी राम, मनदीप सिंह, भोला कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर मनीष कुमार, गौतम कुमार सहित कई मनरेगा कर्मी मौजूद रहे।