Location: Meral
मेराल। पवित्र माह-ए-रमजान के अलविदा जुमा की नमाज प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा की और एक-दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद दी। साथ ही देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
मेराल मुख्यालय स्थित मस्जिद में पेशे इमाम गुलाम हाजी मौलाना यासीन साहब ने नमाज अदा कराई और रमजान की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए लोगों को आपसी भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि रमजान का महीना इंसान को सब्र, त्याग और भाईचारे का संदेश देता है। इस महीने में इबादत, रोजा और दुआ के माध्यम से इंसान अल्लाह की रहमत हासिल करता है। इसलिए हमें पैगम्बर मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत को बढ़ावा देना चाहिए।









