Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर। टाउनशिप दुर्गा मंदिर प्रांगण स्थित राधे कृष्ण मंदिर में रविवार को राधा अष्टमी पर्व बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और हवन-पूजन से पूरा परिसर भक्तिरस में डूब गया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी सत्येंद्र वैद्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया। फूलों, फल, पंचामृत और विविध प्रसाद से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। राधा रानी की जन्मतिथि पर आयोजित इस अवसर पर महिलाओं और कन्याओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर व्रत रखा और श्रद्धा-भक्ति के साथ पूजा की।
संध्या आरती के समय मंदिर परिसर राधे-राधे और श्याम-श्याम के जयकारों से गूंज उठा। भजन-कीर्तन के मधुर स्वर और ढोल-मंजीरे की थाप ने वातावरण को और भी पावन बना दिया। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं को भोग का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे भक्तों ने बड़े उत्साह के साथ ग्रहण किया।
इस धार्मिक अवसर पर बच्चों और युवाओं ने भी भजन संध्या में विशेष रूप से भाग लिया, जिससे माहौल आध्यात्मिक रंगों से सराबोर हो उठा।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में जसवंत चौबे, प्रदीप चौबे, ध्रुव नारायण दुबे, दिवाकर चौधरी, अर्जुन कुमार, गोलू कुमार और सत्य पाण्डेय सहित अन्य श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।












