Location: Manjhiaon
गढ़वा/बरडीहा: बरडीहा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में प्रवीण कुमार सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सह अंचल पदाधिकारी (सीओ) के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने 24 जून को बरडीहा प्रखंड के 18वें बीडीओ के रूप में योगदान दिया तथा निवर्तमान बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार से प्रभार प्राप्त किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों और पदाधिकारियों ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सभी कर्मियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कार्यालय के कार्यों की जानकारी ली।
नवपदस्थापित बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाएगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने प्रखंड एवं अंचल के सभी कर्मियों और पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें, ताकि ग्रामीण जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मौके पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, मनरेगा बीपीओ प्रभु टोप्पो, डीपीआरओ सुरेंद्र कुमार सिंह, प्रधान सहायक सुरेश चरंगट, नाजिर ननकू राम, ललन बैठा, ललन राम, इंद्रदेव कुमार, जनसेवक राजकुमार, अंचल नाजिर राजा रंजन पांडेय, अंचल प्रधान सहायक अमरेंद्र तिवारी सहित प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कई कर्मी और पदाधिकारी उपस्थित थे।