Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा)। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में पुलिस इंस्पेक्टर एवं अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों के साथ क्राइम मीटिंग की। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते अपराध, लंबित कांडों के निष्पादन तथा आगामी ईद, छठ व्रत और रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही क्षेत्र में होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्ती तेज करने तथा भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने वाहन चेकिंग अभियान को नियमित रूप से चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि बिना नंबर प्लेट के चलने वाले वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि एक दिन पूर्व पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, भवनाथपुर पुलिस इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, बंशीधर नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी, धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत, रमना थाना के पुलिस पदाधिकारी जयप्रकाश गुप्ता, बिशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी, कार्यालय के रीडर निसाल कोंगड़ी तथा आरक्षी अमित कुमार एवं अनुज कुमार उपस्थित थे।











