Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा): गुरुवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर पाल्हे कला गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार चालक बाल-बाल बच गया। उसे मामूली खरोंच तक नहीं आई, हालांकि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़वा थाना क्षेत्र के सुखबाना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता अपनी कार (संख्या JH 01 FH 7326) से होली के अवसर पर श्री बंशीधर नगर स्थित अपने साढू के घर आए थे। होली के बाद गुरुवार को वह कार से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पाल्हे कला गांव के पास सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि कार में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था और चालक को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।