Location: Garhwa
गढ़वा। शहर की सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने शनिवार को जागरूकता अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत गढ़वा थाना परिसर से हुई, जहां आपातकालीन सहायता से संबंधित पोस्टर लगाकर लोगों को सतर्क रहने और पुलिस से तुरंत संपर्क करने का संदेश दिया गया।
अभियान का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार, गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी और चैम्बर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक बल्लू पटवा ने संयुक्त रूप से पोस्टर चिपकाकर किया। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल जनहित में है और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
चैम्बर अध्यक्ष बल्लू पटवा ने बताया कि संस्था हमेशा आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं घर से बाहर निकलकर भी सुरक्षित महसूस कर रही हैं। अगर कभी कोई महिला असुरक्षित महसूस करे तो वह तुरंत 112 नम्बर डायल कर पुलिस से मदद ले सकती है।
अभियान के दौरान समाज में सुरक्षा और सहयोग की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर ज्योति प्रकाश, राकेश पाल, पूनम चंद पुष्पकार, डॉ. पतंजलि, राजीव रंजन तिवारी, पंचम सोनी, मुकेश कश्यप समेत कई लोग मौजूद थे।












