Location: Garhwa
गढ़वा, 10 अक्टूबर 2025:
झारखंड माटी कला बोर्ड के तत्वावधान में पारंपरिक माटी कला शिल्प को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से गढ़वा जिले के चयनित कुम्हारों को 90% अनुदान पर विद्युत संचालित चाक उपलब्ध कराए गए। इस योजना के तहत ग्राम तेनार की कांति देवी और राकेश कुमार प्रजापति को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव द्वारा चाक प्रदान किया गया, जबकि अन्य लाभुकों को चाकों का वितरण गढ़वा प्रखंड कार्यालय से किया गया।
35 कुम्हारों को मिला लाभ, मात्र ₹2350 में मिला आधुनिक चाक
झारखंड माटी कला बोर्ड द्वारा जिले के लिए कुल 35 विद्युत चाक का आवंटन किया गया था। योजना के तहत चयनित लाभुकों को मात्र ₹2350 (10% अंशदान) पर यह चाक प्रदान किया गया। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार की गई और जिले के सभी प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र लाभुकों का चयन किया गया।
उपायुक्त ने किया कुम्हारों को प्रोत्साहित
उपायुक्त दिनेश यादव ने लाभुकों को चाक प्रदान करते हुए कहा:
“दीपावली और छठ जैसे पर्वों पर मिट्टी के दीयों, कलश और अन्य बर्तनों की मांग बढ़ जाती है। विद्युत संचालित चाक से शिल्पकार कम समय में अधिक उत्पादन कर सकते हैं, जिससे आय में वृद्धि होगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगे।”
उन्होंने लाभुकों से मेहनत और लगन के साथ कार्य कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र गढ़वा के महाप्रबंधक रघुवर सिंह, EoDB मैनेजर दीपक कुमार एवं प्रखंड उद्यमी समन्वयक आशीष कुमार सिंह भी उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में इनकी अहम भूमिका रही।












