Location: Garhwa
गढ़वा – उपायुक्त दिनेश यादव ने समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया। दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, रोजगार, बकाया मजदूरी, बीज वितरण एवं अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए। उपायुक्त ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में कांडी प्रखंड के हरिहरपुर निवासी गणेश्वर प्रसाद सिंह ने डुमरसोता पैक्स में 235 क्विंटल धान जमा करने के बावजूद केवल 190 क्विंटल का भुगतान होने की शिकायत की। उपायुक्त ने मामले में कार्रवाई हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया।
सदर प्रखंड के रामेश्वर प्रसाद सोनी ने वोटर लिस्ट में नाम नहीं जुड़ने की शिकायत की, जिस पर संबंधित एईआरओ एवं अंचल अधिकारी को निर्देश दिए गए। रमना प्रखंड के जोगीराल कला से जन वितरण प्रणाली दुकान के संचालन में अनियमितता और महिला समूह के नाम पर बाहरी व्यक्ति द्वारा संचालन की शिकायत भी दर्ज की गई।
डंडई प्रखंड के लवाहीकला एवं मेराल प्रखंड के तेनार पैक्स अध्यक्षों ने बीज वितरण में अनियमितता की शिकायत करते हुए बताया कि जिला सहकारिता कार्यालय से आवंटन के बावजूद बीज नहीं मिला है।
टंडवा निवासी कुछ महिलाओं ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि कई महीनों से नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने जांच का निर्देश सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक को दिया।
उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है।












