Location: Manjhiaon
मझिआंव प्रतिनिधि: बरडीहा थाना क्षेत्र के ललगड़ा गांव निवासी रियाज अंसारी के करीब 5 वर्षीय पुत्र अजमेर अंसारी की रविवार को कुआं में डूबने से मौत हो गई।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार बच्चा बैर खाने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान वह लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल शुरू की।
तलाशी के क्रम में जमीन से काफी नीचे झाड़ियों से ढका एक कुआं मिला। उसमें देखने पर बच्चा गिरा हुआ पाया गया। पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे के पॉकेट से बैर भी बरामद हुआ।
शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।