Location: Garhwa
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं एवं खाद्यान्न वितरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एनएफएसए, जेएसएफएसएस, ग्रीन कार्ड, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना, आदिम जनजाति परिवार कल्याण योजना, AGRS Grievance Report, e-KYC Report एवं RCMS Report सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुँचे, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
मुख्य निर्देश
उपायुक्त ने बताया कि जिले में वर्तमान में 92 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण हो रहा है। इसे शीघ्र शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। राशन कार्ड डिलीशन के अनुरूप रिक्ति (वेकेंसी) सृजन न होने की समस्या पर उन्होंने डीएसओ को राज्य स्तर से समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
जुलाई एवं अगस्त माह के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी प्रखंडों को शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सितंबर माह के खाद्यान्न उठाव एवं गोदामवार समीक्षा भी की गई।
पीवीटीजी परिवारों पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) परिवारों तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न पहुँच सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “एक भी लाभुक बिना राशन के नहीं रहना चाहिए।”
लंबित आवेदन एवं डिजिटल समीक्षा
बैठक में बीएसओ लॉगिन में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ऐसे प्रखंडों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जहाँ अधिक आवेदन लंबित पाए गए। सभी बीएसओ को समयबद्ध निष्पादन का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।
गोदाम निर्माण एवं रखरखाव
उपायुक्त ने जिले में गोदाम निर्माण की स्थिति और रख-रखाव की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जहाँ भी गोदाम की मरम्मत की आवश्यकता है, उसे शीघ्र पूरा किया जाए।
उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया कि अगली बैठक में एक समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रखंडवार कार्यों का सटीक मूल्यांकन किया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री राज महेश्वरम, सभी बीएसओ, एजीएम एवं एमओ उपस्थित थे।











