Location: पलामू
मेदिनीनगर।पलामू हुसैनाबाद में शुक्रवार को हुई दर्दनाक घटना ने पूरे अनुमंडल क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। नगर पंचायत क्षेत्र के पछियारी जपला में 11 हजार केवी लाइन में आए फॉल्ट को ठीक कर रहे सरहु गांव निवासी गंगा कुमार (भांजा राजा मिस्त्री,देवरी कला) की बिजली करंट की चपेट में आने से गंभीर हालत हो गई थी। हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था।जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गंगा कुमार की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।इस हादसे के तुरंत बाद हुसैनाबाद की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। शहर सहित आसपास के इलाके अंधेरे में डूब गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद देवरी सब-स्टेशन से बिजलीकर्मी नदारद हो गए, जिसके कारण घंटों बीत जाने के बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।सूत्रों के अनुसार बिजली मिस्त्रियों ने चेतावनी दी है कि जबतक विभाग के अधिकारी इस घटना पर संज्ञान नहीं लेंगें तो बिजली अपूर्ति अनिश्चित काल के लिए बन्द रहेगा।अचानक अंधेरे में डूबने से हुसैनाबाद शहर एवं ग्रामवासी काफी परेशान हैं। घरों और बाजारों में बत्तियां गुल रहने से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्जिंग, पानी की आपूर्ति और आवश्यक घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो गए हैं।स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से अविलंब बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आश्रितों को नौकरी देने की भी मांग उठाई जा रही है।यह घटना न केवल गंगा कुमार के परिवार के लिए गहरा आघात है, बल्कि पूरे हुसैनाबाद की जनजीवन को भी अस्त-व्यस्त कर चुकी है। इस घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि गंगा कुमार अपने क्षेत्र में बिजली सब स्टेशन से शटडाउन लेकर बिजली बन रहा था। इसी बीच सब स्टेशन से बिजली चालू कर दी गई। जिसके कारण यह घटना हुई है। इसमें साफ तौर पर बिजली विभाग के कर्मियों की लापरवाही है। इस लापरवाही के कारण गंगा कुमार की मौत हो गई।












