Location: Manjhiaon
:
मझिआंव (प्रतिनिधि)। प्रखंड के पुरहे गांव स्थित उच्च विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2010-11 में विद्यालय को मिडिल स्कूल से उच्च विद्यालय का दर्जा तो मिला, लेकिन आज तक इसमें हाई स्कूल के लिए कोई शिक्षक प्रतिनियुक्त नहीं किए गए हैं।
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि विद्यालय में करीब 450 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बावजूद इसके मात्र तीन शिक्षक (एक नियमित एवं दो पारा शिक्षक) के भरोसे पूरे हाई स्कूल की पढ़ाई संचालित की जा रही है। विद्यालय से अब तक मैट्रिक की लगभग 13 बैचें निकल चुकी हैं, लेकिन किसी भी बैच को एक भी विषय शिक्षक नहीं मिल पाया। इससे बच्चों की पढ़ाई और भविष्य दोनों पर गंभीर असर पड़ा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर की चारदीवारी अब तक नहीं बनी है, जिससे स्कूल में कई बार चोरी की घटनाएं भी हो चुकी हैं। वहीं, छात्रों की संख्या के अनुपात में कक्षाओं की भारी कमी है। महज चार कमरे ही उपलब्ध हैं, जिससे छात्र-छात्राएं विषम परिस्थिति में पढ़ने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार प्रखंड, जिला और राज्य स्तर तक शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों से लेकर उपायुक्त और शिक्षा सचिव तक आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक कोई सार्थक पहल नहीं हो सकी।
इस संबंध में उपायुक्त को दिए गए आवेदन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मझिआंव को भी भेजी गई है।
मांग करने वालों में शामिल हैं: पुरहे पंचायत की मुखिया शंभू पासवान, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष सोना बच्चा यादव, राकेश कुमार, महेंद्र ठाकुर, मुकेश यादव, राम ब्रत यादव, कामता प्रसाद ठाकुर, हरिहर राम, अशोक कुमार यादव, मोहन प्रसाद यादव, अखिलेश यादव, सुनील कुमार, सतीश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हैं।












