Location: Garhwa
गढ़वा: वर्ष 2004 में गढ़वा के चिरौंजिया मोड़ स्थित बैंक डकैती मामले में नामजद अभियुक्त एवं राजद के सासाराम विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सत्येंद्र साह को बिहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी नामांकन के बाद की गई।
सत्येंद्र साह को सोमवार को सासाराम से गिरफ्तार कर गढ़वा लाया गया। गढ़वा सदर थाना पुलिस ने उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गढ़वा पुलिस के अनुसार, उक्त मामले में सत्येंद्र साह के खिलाफ 2018 में स्थायी वारंट जारी हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, डकैती व आर्म्स एक्ट से संबंधित 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
सदर थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि सासाराम पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद उन्हें गढ़वा लाया गया और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा गया।












