Location: सगमा
सगमा, गढ़वा: झारखंड अगेंस्ट करप्शन के गढ़वा जिला अध्यक्ष एवं पीआईएल मैन राजेश विश्वकर्मा ने राजकीय +2 उच्च विद्यालय बीरबल के समीप निजी इंटर कॉलेज संचालित किए जाने के मामले में संबंधित अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया है।
उन्होंने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय झारखंड, रांची के निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी गढ़वा तथा झारखंड अधिविद परिषद के सचिव को शिकायत भेजते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आवेदन में कहा गया कि सगमा प्रखंड के ग्राम पंचायत बीरबल में सरकारी स्कूल से मात्र 550 मीटर की दूरी पर ब्राइट स्टार इंटरमीडिएट कॉलेज संचालित किया जा रहा है। जबकि सरकारी नियमों के अनुसार किसी भी इंटर कॉलेज के संचालन के लिए न्यूनतम दूरी 7–8 किलोमीटर होनी चाहिए। बावजूद इसके नियमों की अनदेखी कर यह कॉलेज संचालित किया जा रहा है। कॉलेज को झारखंड अधिविद परिषद, रांची से मान्यता दिलाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
राजेश विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ पदाधिकारियों की मिलीभगत से यह कॉलेज संचालित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभागीय स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जनहित याचिका (पीआईएल) न्यायालय में दायर करेंगे।
उन्होंने संबंधित विभागों से गंभीर और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है और कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।