गढ़वा:
जिला विकास शाखा के प्रभारी पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा की अध्यक्षता में विभिन्न विकास योजनाओं, डीएमएफटी एवं जिला योजना से संबंधित समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्राप्त आवंटन के विरुद्ध विभागों द्वारा प्रस्तुत नई योजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही पूर्व में स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन प्रगति की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।
प्रभारी पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण कार्य, मानकों के अनुपालन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला योजना अनाबद्ध निधि, शिक्षा, स्वास्थ्य, जलापूर्ति, सड़क, ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन जैसी प्राथमिकता वाली योजनाओं पर विशेष बल देने को कहा।
बैठक में योजना क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं के समाधान के लिए विभागीय समन्वय को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। विभिन्न अभियंत्रण विभाग—ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, आरडब्ल्यूडी, बिल्डिंग डिवीजन, एनआरईपी, आरसीडी—को अपने कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं लंबे समय से लंबित या विवादित योजनाओं को बंद करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण तथा डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवंटन, व्यय स्थिति एवं प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।












