Location: Meral

मेराल (गढ़वा): बीते 19 मई को प्रखंड क्षेत्र में वज्रपात की घटना में एक छात्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मृतकों के परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है, जिससे वे बेहद नाराज और मायूस हैं।
परिजनों का कहना है कि आपदा राहत की राशि अब उन्हें “लॉलीपॉप” की तरह प्रतीत होने लगी है, क्योंकि प्रक्रिया में लगातार देरी हो रही है।
इसको लेकर मृतक छात्र के पिता एवं विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने गढ़वा सदर एसडीओ संजय पांडे को आवेदन सौंपकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।
विदित हो कि इस दर्दनाक घटना में डॉ. लालमोहन के इकलौते पुत्र तरुण कुमार देव की मौत हो गई थी। इसके अलावा रेजो और लखेया गांवों के एक-एक व्यक्ति की भी जान चली गई थी।
परिजनों का आरोप है कि संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली बेहद लचर है, जिससे पीड़ित परिवारों को समय पर न्याय और मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता दिखाता है।












