Location: Meral
मेराल: थाना क्षेत्र के भीमखाड़ गांव निवासी चूटूर भुइयां के 21 वर्षीय पुत्र विकास कुमार की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद घर लौटने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। मंगलवार की शाम जैसे ही युवक का शव घर पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार विकास कुमार कुछ दिन पहले काम करने के लिए राजस्थान गया था। बताया जाता है कि 8 मार्च को वह अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से साप्ताहिक राशन लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के दौरान विकास कुमार के माथे में गंभीर चोट बताई। उपचार के बाद सहयोगी साथियों द्वारा उसे घर लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मंगलवार की शाम शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर मुखिया संजय राम ने परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस मौके पर वीडीसी प्रतिनिधि रमेश बैठा, वार्ड सदस्य अशोक राम, गोपाल राम, नंदलाल राम, छोटन राम, दिनेश कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।