Location: Ramana
रमना (गढ़वा)। रमना थाना क्षेत्र के मड़वानिया पंचायत स्थित पाल टोला में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने पांच अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नगदी और मोबाइल की चोरी कर ली। एक ही रात पांच घरों में हुई वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, 15 अगस्त की देर रात चोरों ने सबसे पहले लालजी पाल के घर का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर व सामान पर हाथ साफ किया। इसके बाद क्रमशः ललीता कुअर, कुतुबुद्दीन अंसारी, रमेश बिचार और सीता देवी के घरों में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया गया कि चोरों ने ललीता कुअर के घर से सोने-चांदी के गहनों समेत हजारों रुपये नकद उड़ा लिया। इसी तरह अन्य घरों से भी कीमती जेवर, नगदी और मोबाइल गायब कर दिए।
पीड़ितों का कहना है कि कुल मिलाकर चोरों ने एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि चोर गांव के पांच घरों में वारदात कर फरार हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवारों ने रमना थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चोरों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो गांव में असुरक्षा की भावना और बढ़ जाएगी।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी वारदातें, उद्भेदन अधर में
गौरतलब है कि इसी साल मार्च 2025 में सब्जी बाजार के सामने एक जेवर एवं बर्तन दुकान में चोरी की बड़ी घटना हुई थी, जिसमें करीब 45 लाख रुपये के आभूषण और नगदी चोरी हुए थे। इसके एक माह बाद अप्रैल 2025 में हरी गणेश मोड़ के समीप एक अन्य दुकान से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी चोरी हो गए थे। इन दोनों मामलों का अब तक उद्भेदन नहीं हो सका है।
मौके पर पहुंचे प्रमुख प्रतिनिधि अजीत सोनी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस प्रशासन से मामले के शीघ्र उद्भेदन की मांग की है।












