
Location: Meral
मेराल। प्रखंड में ईद उल फितर की नमाज विभिन्न स्थानों पर अकीदत और हर्षोल्लास के साथ अदा की गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचकर नमाज अदा की और देश-समाज की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
मुख्यालय सहित अन्य इलाकों में सुबह से ही ईद की रौनक दिखाई दी। लोग नमाज से पहले घर पर सेवइयां खाकर, इत्र और खुशबू लगाकर नए कपड़ों में सजधज कर मस्जिदों और ईदगाहों की ओर रवाना हुए। नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बस्तियों और ईदगाहों में चहल-पहल बनी रही, वहीं बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।
ईद की नमाज मेराल मुख्यालय सहित हासनदाग, बाना, गेरुआ, तीसर, टैटूका, दुलदुलवा, खुटैलिया, बिखताम, लोवादाग, दलेली, पचपेड़ी आदि गांवों की मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई। नमाज से पहले आर्थिक रूप से संपन्न लोगों ने गरीब, यतीम, असहाय, बेवाओं और जरूरतमंदों के बीच जकात, फितरा और सदका की राशि अदा की।
नमाज के बाद लोगों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और बधाइयां दीं। साथ ही, पास-पड़ोस व मेहमानों के घरों में दावतों का दौर शुरू हुआ।
प्रशासन द्वारा नमाज के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त जारी रही। पूरे प्रखंड में ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।