Location: पलामू
मेदिनीनगर। जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक ओर खेत विवाद में हुए हमले में 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटना में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि महिला पुलिसकर्मी खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
खेत विवाद में कुदाल से हमला, 40 वर्षीय भीम यादव गंभीर
नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के करचा गांव निवासी स्वर्गीय तिलेश्वर यादव का पुत्र भीम यादव (40 वर्ष) सोमवार की दोपहर खेत में धान रोपने को लेकर विवाद में बुरी तरह जख्मी हो गया।
भीम यादव ने बताया कि गांव के ही सुरेश यादव और उनकी पत्नी जबरन उसके खेत में धान रोप रहे थे। मना करने पर दोनों पति-पत्नी ने कुदाल से हमला कर दिया। हमले में भीम यादव के सिर पर गंभीर चोटें आईं और दर्जनों टांके लगे हैं।
घायल को परिजनों ने तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी पर अस्पताल पुलिस चौकी के जवान महेंद्र कुमार और विकास कुमार ने परिजनों से पूछताछ की।
महिला पुलिसकर्मी सड़क दुर्घटना में घायल, खतरे से बाहर
सोमवार की सुबह मेदिनीनगर पुलिस लाइन से परेड कर लौट रही महिला पुलिसकर्मी पुष्पांजलि कुमारी स्कूटी से दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। बताया गया कि जीएलए कॉलेज के पास एक महिला को बचाने के प्रयास में वह स्कूटी से गिर पड़ीं और घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना की जानकारी परिजन मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे और उनके इलाज की देखरेख कर रहे हैं।












