Location: Manjhiaon
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, पीड़िता ने थाना में दिया आवेदन
मझिआंव (प्रतिनिधि)। प्रखंड मुख्यालय स्थित सेंट्रल बैंक एटीएम से एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर जालसाज ने ₹40 हजार रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में पीड़िता ने मझिआंव थाना में आवेदन दिया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के भाई बिगहा निवासी मोहम्मद अरशद खान की पत्नी सोनी खातून सोमवार को दोपहर लगभग 12 बजे सेंट्रल बैंक चंद्री शाखा के एटीएम से रुपये निकाल रही थीं। इस दौरान एक अज्ञात युवक उनके पास खड़ा होकर बातचीत में उलझाने लगा और चालाकी से उनका एटीएम बदल दिया।
इसके बाद जालसाज ने एसबीआई बर्दिया शाखा स्थित बस स्टैंड एटीएम से चार बार में 10-10 हजार कर कुल ₹40,000 की निकासी कर ली।
महिला को इस ठगी की जानकारी तब हुई जब उसके पति के मोबाइल पर निकासी का मैसेज आया। जबकि खुद के पास मौजूद बदले हुए एटीएम को जब इस्तेमाल किया गया तो वह अमान्य (invalid) बताने लगा।
इस संबंध में पुलिस दोनों बैंकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी।
इधर घटना के बाद महिला का रो-रोकर बुरा हाल है।












