अखंड ज्योति की पहली वर्षगांठ पर विशेष आयोजन, श्रद्धालुओं से दीप लेकर आने की अपील
मझिआंव (गढ़वा), प्रतिनिधि:
दीपावली के शुभ अवसर पर मझिआंव प्रखंड के चन्द्री स्थित माता गायत्री शक्तिपीठ परिसर में विशेष आयोजन किया जाएगा। गायत्री परिवार के प्रखंड संयोजक नागेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि दीपावली की रात 1100 दीप जलाकर परिसर को रोशन किया जाएगा।
यह आयोजन अखंड ज्योति के एक माह पूर्ण होने और हरिद्वार स्थित शांतिकुंज में जल रही अखंड ज्योति के शताब्दी वर्ष (1926-2026) के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। संयोजक नागेन्द्र सिंह ने बताया कि यह दीप प्रज्वलन कार्यक्रम माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी को समर्पित रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर हरिद्वार में 2026 में होने वाले आयोजन के लिए समयदान देने को इच्छुक श्रद्धालुओं की सूची तैयार की जा रही है। गायत्री परिवार से जुड़े सदस्यों एवं आम श्रद्धालुओं से रात 8 बजे दीपक लेकर आने की अपील की गई है।
बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग:
इस बैठक में केंद्रीय टोली के सदस्य व जिला ट्रस्टी अच्युतानंद तिवारी, उप समन्वयक देवमुनि विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष बेचन राम, अशोक चौरसिया, रानी देवी, परिव्राजक दिनेश पाल, हंसराज तिवारी, एवं मीडिया प्रभारी मनोज कुमार दुबे समेत कई गायत्री परिजन उपस्थित रहे।












