Location: Garhwa

गढ़वा। पूर्व मंत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मजदूरों की बुलंद आवाज कहे जाने वाले चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का पार्थिव शरीर शनिवार को गढ़वा पहुंचा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में आमजन, राजनीतिक कार्यकर्ता और प्रशंसक उमड़ पड़े। हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल गमगीन।
गढ़वा पुलिस लाइन में दिवंगत नेता को राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद उनका शव अंतिम यात्रा पर निकला, जो गढ़वा जिले के उनके पैतृक गांव चोका होते हुए चैक, कंडी, भवनाथपुर, नगर उंटरी, विढ़मगंज और रॉबर्ट्सगंज के रास्ते वाराणसी ले जाया गया।
वाराणसी में शनिवार की शाम 6 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। चंद्रशेखर दुबे ने झारखंड और बिहार, दोनों राज्यों में मंत्री पद संभाला था और हमेशा मजदूरों व गरीबों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे।













