कांडी प्रतिनिधि:
कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद की अध्यक्षता में रैयतों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य श्रीनगर-पंडुका सोन नदी पर बन रहे पुल और अप्रोच सड़क निर्माण कार्य के लिए अधिग्रहित भूमि से संबंधित मुआवजा मामलों पर चर्चा करना था।
बताया गया कि इस परियोजना में कई रैयतों की जमीन अधिग्रहित की गई है, परंतु अब तक किसी को भी मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है। रैयतों का कहना है कि सभी आवश्यक दस्तावेज जिला भू-अर्जन कार्यालय में पहले ही जमा कर दिए गए हैं, फिर भी भुगतान नहीं हुआ।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद ने रैयतों को स्पष्ट किया कि कुछ दस्तावेजों में त्रुटियों या अधूरे होने के कारण भुगतान में विलंब हुआ है। उन्होंने सभी रैयतों से अनुरोध किया कि वे आवश्यक कागजी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर भू-अर्जन कार्यालय, गढ़वा में जमा करें, ताकि उन्हें उचित मुआवजा राशि प्रदान की जा सके।
बैठक में कई अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे, जिनमें बिहार पुल निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार सिंह, बीडीओ राकेश सहाय, 20 सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय, सीआई संदीप गुप्ता, मुखिया राजेश शर्मा प्रमुख थे।
इसके अतिरिक्त रैयतों में शिवकुमारी देवी, विमला देवी, बचवा देवी, मधु राम, सागर कहार, सीताराम, बसंत राम, कृष्णा राम, सिरामन राम, पैरनाथ राम, राम क्रेस राम, चंपा देवी, नारायण राम, चुलहन राम सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।












